अभोली (भदोही)। सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के गुआली गांव में शनिवार की देर रात दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। नशेड़ी पिता ने अपने चार वर्षीय बेटे की बेरहमी से जान ले ली। घरवालों से मामूली विवाद के बाद उसने बेटे को जमीन पर पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता पर हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार रात करीब 11:30 बजे गुवाली गांव निवासी रामजी वनवासी शराब के नशे में घर पहुंचा। इसके बाद उसने पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से किसी बात पर विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रामजी ने अपने चार वर्षीय बेटे विकास वनवासी को गोद में उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया। इस दौरान बच्चे को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान रविवार सुबह बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कुछ घंटे पहले तक जो घर बच्चे की उछल-कूद से गुलजार था, वहां मातम पसरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पिता शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में झगड़ा करता था। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मोहम्मद शकील खां ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि घटना गंभीर है। आरोपी पिता गिरफ्तार हो गया है।