गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के बर्जी गांव स्थित बर्जी घाट पर परिजनों के साथ गंगा स्नान करने गई युवती गंगा में डूब गई। घटना के बाद पहुंचे स्थानीय गोताखोरों की टीम युवती की तलाश में जुटी रही।
बर्जी गांव निवासी गोपाल कृष्ण उपाध्याय की 27 वर्षीय पुत्री क्षमा उपाध्याय अपने माता चाची तथा अन्य परिवार की बहनों के साथ बर्जी घाट पर स्नान कर रही थी। नहाने के दौरान क्षमा का पैर फिसल गया और गहरे पानी में डूब गई। स्नान कर रहे परिजन शोर शराबा शुरू किए, लेकिन घाट से गांव दूर होने के कारण तत्काल तलाश नहीं शुरू हो सकी। सूचना पर पहुंचे परिजन गांव के ग्रामीण डूबी युवती के तलाश में लग गए। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर जाल फेंक कर युवती की तलाश शुरू कर दी है । खबर लिखे जाने तक डूबी युवती नहीं मिल पाई थी। बताया जाता है कि क्षमा दो भाई के बीच इकलौती बहन है। वही क्षमा के डूबने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। पूर्व प्रधान शांति भूषण उपाध्याय समेत गांव के भारी संख्या में लोग गंगा घाट के किनारे पहुंचकर डूबी युवती को तलाशने के प्रयास में लगे रहे।