चौरी। रमईपुर गांव में शनिवार को विवाहिता का शव पंखे से लटकता मिला। पुलिस ने खिड़की तोड़कर बंद कमरे से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
रमईपुर गांव निवासी संतोष मिश्र के परिवार वाले शुक्रवार की रात खाना आदि खाकर सो गए। शनिवार की सुबह देर तक बहू उर्मिला देवी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वाले परेशान हो गए। सास संध्या देवी ने दरवाजा पीटना शुरू किया। अंदर से कोई उत्तर न मिलने पर खिड़की से अंदर देखा तो वह पंखे से लटक रही थी। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस बंद कमरे का खिड़की तोड़कर अंदर गई और विवाहिता के शव को पंखे से उतारा। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारा और घटना की जानकारी लेना शुरू किया। बताया गया कि मृतका का मायका भकोडा में है। उसके दो पुत्र हर्ष और पवन एवं बेटी अमृता है। तीनों की उम्र छह से 10 वर्ष के बीच है।
उधर सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ससुर संतोष मिश्रा ने बताया कि दोनों बेटे बाहर रहते हैं। घर मे ऐसी कोई बात भी नहीं हुई। जिससे इस तरह का मामला आने की नौबत आए। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह कहा कि मामले में कोई तहरीर नही पड़ी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह पता चल पाएगी। उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।