ज्ञानपुर। अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़कों पर बने ब्रेकर की कलर मार्किंग करने पर जोर दिया गया। साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक करने और अवेहलना करने वालों पर जुर्माना लगाने को कहता।
एडीएम ने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। अधिकारी नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करें। अधिकारी एवं कर्मचारी यदि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीटबेल्ट न लगाएं तो उनका भी चालान काटें। उन्होंने यातायात निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहां की आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। जिससे कि होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्रों की जांच कराने एवं निर्धारित मानकों को पूरा करने के उपरांत ही संचालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को न बिठाया जाए। समय-समय पर स्कूल एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूकता का आयोजन हो। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए पुरस्कृत करें जो घायलों की मदद करें। उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए। चिन्हित नए दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों/ब्लैक स्पॉट्स के दोनों तरफ नियमानुसार निर्धारित दूरी से पहले ब्लैकस्पॉट चेतावनी बोर्ड लगाएं।