जमानिया स्टेशन बाजार में सुबह कचड़ा वाहन की वजह से लगा जाम में गुजरते लोग। संवाद
स्टेशन बाजार स्थित सब्जी मंडी में रविवार को नगर पालिका की कूड़ा उठाने वाली ट्रैक्टर-गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी होने से करीब 1.30 घंटा तक जाम रहा। सुबह 8.30 बजे से लगा जाम 10 बजे समाप्त हुआ।
व्यस्त समय में सड़क पर वाहन खड़ा रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों, स्कूली बच्चों और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका को कूड़ा उठाने का काम सुबह ही पूरा कर लेना चाहिए। करीब 9:30 बजे बाजार और सड़क पर आवागमन सबसे अधिक रहता है। ऐसे समय में कूड़ा गाड़ी सड़क पर खड़ी करने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। नगर पालिका के ईओ संतोष कुमार ने बताया कि प्रतिदिन सुबह छह से आठ बजे तक कूड़ा उठाने का काम पूरा कर लिया जाता है।
रविवार को वाहन में तकनीकी खराबी आने के कारण कूड़ा गाड़ी देर से पहुंची, जिससे समस्या हुई।