लालानगर/गोपीगंज। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी गिरोह का सरगना शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह 10 हजार का इनामी है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो बाइक, एक तमंचा, कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पड़ोसी जनपदों के थानों में दर्जन भर से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह के मुताबिक जिशान अपने गैंग के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बैंक, दुकानों के सामने खड़ी बाइकों और चार पहिया वाहनों को निशाना बनाता था। चोरी के सामान को गैंग प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, कौशांबी, जौनपुर आदि जनपदों में कम दामों में बेच कर धंधा चलाता था। इधर बीच राजमार्ग सहित अन्य छोटी-बड़ी सड़कों से जुड़े बाजार में चोरी की घटनाओं का ग्राफ बढ़ने पर पुलिस सक्रिय थी।
शुक्रवार को कठौता मोड़ के पास पुलिस ने घोसिया निवासी जिशान पुत्र तौकीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। आरोपी जिशान के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वॉट प्रभारी अजय सिंह, सचिन झा, सर्वेश राय, नागेंद्र सिंह, तूफैल अहमद, नीरज यादव, सुनील कन्नौजिया, सुभाष सिंह, कोतवाल केके राय, उप निरीक्षक ईश्वरदेव सिंह शामिल रहे।