ज्ञानपुर/सीतामढ़ी। गंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर अधिकारियों की धड़कन बढ़ गई है। जिला मुख्यालय से लेकर गंगा घाटों तक की दौड़ तेज हो गई है। बुधवार को जिले में पहुंचे प्रभारी मंत्री जेपी निषाद ने राजकीय गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा का माइक्रो प्लान समझाया। उसके बाद गंगा से सटे आठ गावों में पहुंचकर व्यवस्था की कहीकत देखी।
राजकीय गेस्ट हाउस ज्ञानपुर में प्रभारी मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अफसरों को साफ निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। यात्रा का भव्य स्वागत हो, कहीं भी कोई लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई होगी। गंगा यात्रा को लेकर औराई और डीघ इलाके के 47 गांवों को साफ-सफाई ठीक से की जाए। गंगा से सटे गांवों में गंगा चबूतरे, साफ सफाई, सड़कों की हालात सुधारने के साथ ही अन्य कार्यों को समय से पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा का मकसद है कि आम जनता से गंगा को स्वच्छ रखने के बारे में जागरूक करे। उसमें किसी भी तरह की गंदगी न फेंका जाए, जानवरों के अपशिष्ट आदि भी डालें। इस मौके पर भदोही विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, डीएम राजेंद्र प्रसाद, एसपी रामबदन सिंह, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह आदि रहीं। वहीं दोपहर बाद प्रभारी मंत्री गंगा के किनारे गांव बरजी, जहगीराबाद, डेरवां, रामपुरऔर सीतामढ़ी का निरीक्षण किया। गंगा यात्रा, जल में कैसे हो उसकी बारीकियों के बारे में अफसरों से जाना। डीएम ने ईओ को निर्देशित किया की मार्गों के दोनों और कूड़ा करकट, गोबर आदि डालने वालों को नोटिस दें। मार्गों पर कब्जा करने वालों को नोटिस देकर हटवाएं। प्रभारी मंत्री ने सीतामढ़ी गंगा तट से लाक्षागृह तक जल मार्ग की स्थिति की जानकारी डीएम से ली। कोनिया के महादेवा गंगा तट पर भी गंगा यात्रा के स्वागत के लिए कार्यक्रम रखने पर मंथन हुआ। इस मौके पर सुनील मिश्रा, सुरेश मिश्रा, ओम प्रकाश तिवारी टंकी गुरू, विधान चंद्र दूबे, नागेंद्र सिंह, श्यामबहादुर सिंह, मिश्रीलाल आदि रहे। इसके पूर्व गंगा घाट की साफ सफाई के साथ जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर लगा कर घाट का समतलीकरण किया गया।