चंदौली जिले के फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन के सदस्यों को कृषि अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर 50 प्रतिशत से अधिक का अनुदान दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य फसल अवशेषों को जलाने से रोकना और एफपीओ सदस्यों की आय में वृद्धि करना है। इच्छुक सदस्य 6 नवंबर तक कृषि उपनिदेशक कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।कृषि उपनिदेशक भीमसेन ने बताया कि यह योजना फसल अवशेषों को एकत्रित कर विभिन्न कंपनियों को सौंपने के लिए लागू की गई है। धान की कटाई का समय नजदीक होने के कारण, कृषि विभाग ने उन किसानों के लिए यह नई पहल की है जो आमतौर पर फसल कटाई के बाद अवशेषों को खेतों में जला देते हैं।
इस योजना के तहत, चिन्हित सदस्यों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।सदस्य विभिन्न गांवों के किसानों से संपर्क कर उनके खेतों से फसल अवशेष एकत्रित करेंगे। इन अवशेषों को सीबी प्लांट कंपनी को उपलब्ध कराया जाएगा, जो इन्हें आगे विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को देगी। इससे किसानों और सदस्यों दोनों की आय में वृद्धि होगी।