ज्ञानपुर। होली पर मुंबई समेत अन्य महानगरों से आने वाले प्रवासियों ने एक बार फिर जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को बढ़ा दी है। रविवार को दो प्रवासियों संग चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। चार नए मरीज मिलने से एक्टिव केस की संख्या 15 पहुंच गई है। कोविड-19 के रोकथाम को लेकर भले ही मकर संक्रांति के बाद से कोरोना की वैक्सीन लोगों की लगाई जा रही है, लेकिन गाइडलाइन का पालन न करने से लोग संक्रमित होने लगे हैं। मार्च 2020 में कोरोना के कारण पूरे देश को लॉकडाउन किया गया था, लेकिन स्पेशल ट्रेन या निजी साधनों से घर आने वाले प्रवासियों ने जिले में कोरोना की रफ्तार को बढ़ा दिया था। यही कारण रहा कि 25 अप्रैल को पहला प्रवासी संक्रमित मिला और जून-जुलाई तक संख्या एक हजार को पार कर गई। करीब 10 दिन पूर्व मुंबई से लौटे एक प्रवासी की कोरोना से मौत हो गई थी। जिसके बाद ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया लेकिन गाइडलाइन का पालन न करने से चिंता बढ़ रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की आई रिपोर्ट में भिखमापुर और मड़ई गांव के दो प्रवासी जबकि भदोही जमुनीपुर कॉलोनी में युवक और बीसापुर में अधेड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।