कैबिनेट मंत्री से द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करते सूर्या कारपेट के शिव प्रकाश तिवारी। स्रोत-स्वयं
भदोही। मखमली कलात्मक कालीनों से विदेश में धूम मचाने वाले जिले के चार कालीन निर्यातकों को प्रदेश सरकार ने राज्य निर्यात पुरस्कार से सम्मानित किया है। ये पुरस्कार मंगलवार को राजधानी लखनऊ स्थित एक होटल में औद्योगिक विकास, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग मंत्री नंद गोपाल नंदी ने विजेताओं को दिए। राज्य से निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार हर वर्ष निर्यातकों से आवेदन मांगती है।
आवेदन के आधार पर पुरस्कार के लिए चयनित किया जाता है। वर्ष 2023-24 के लिए कालीन उद्योग से हस्तनिर्मित उलेन, कॉटन कालीन और दरी श्रेणी में आर्ट पैलेस को प्रथम, अग्नि इनोवेट्स को द्वितीय पुरस्कार जबकि ऊल एवं उलेन उत्पादों की श्रेणी में भदोही कारपेट्स को प्रथम और इसी श्रेणी में सूर्या कारपेट्स को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के लिए समारोह में इफ्तेखार अहमद, प्रदीप दुबे, आयुष बरनवाल व शिव प्रकाश तिवारी रहे।
समारोह में एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अलोक कुमार, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स के महानिदेशक व सीईओ डॉ. अजय सहाय, फियो उप्र के प्रमुख आलोक भी मौजूद रहे। पुरस्कार मिलने से प्रसन्न निर्यातकों ने सम्मान को अपने बुनकरों और मजदूरों को समर्पित किया है। भदोही कारपेट्स के आयुष बरनवाल ने कहा कि बल्क में ऑर्डर मिलने के बाद उसे समय से तैयार करना सबसे मुश्किल काम होता है।
ऐसे में हमारे बुनकर और फिनिशिंग करने वाले मजदूरों ही हमारा काम आसान करते हैं। उधर, अग्नि इनोवेट्स की अल्पा मेवावाला ने कहा कि प्रोत्साहन से हमें और अच्छा करने का बल मिलता है। इससे हम ही नहीं हमारे बुनकर और मजदूर भी प्रेरित होते हैं।