पुलिस लाईन ज्ञानपुर में पकड़ कर लाए गए चोरी के आरोपी। संवाद
ज्ञानपुर। औराई कोतवाली क्षेत्र में उपरौठ नहर के पास से पुलिस ने बुधवार को मोबाइल टॉवरों से बैटरी चोरी करने वाले दो शातिरों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उपरौठ गांव निवासी कबाड़ व्यवसायी राकेश जायसवाल की दुकान पर चोरी का सामान बेचते समय व्यापारी राकेश व अनुराग जायसवाल के साथ अभिषेक सिंह निवासी उपरौठ और नागमलपुर निवासी जैश शर्मा को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी की 11 बैटरियां, पावर केबल, कॉपर तार और बाइकें बरामद की। चोरी में शामिल एक और आरोपी संवरा गांव निवासी मनीष सिंह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिले में लगातार टॉवरों की बैटरी और केबल चोरी का मामला सामने आता रहता था। इस साल 10 अक्तूबर को नरथुआं स्थित टाॅवर से 20 मीटर पावर केबल, 14 नवंबर को जियो टाॅवर ऊरी से 25 मीटर की पावर केबल, सात जुलाई को उपरौठ टाॅवर से सिपरी केबल, जंफर केबल और 14 नवंबर को औराई के औरंगाबाद टाॅवर से 11 बैटरियां चोरी हुई थीं। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को सूचना मिली कि शातिर चोर उपरौठ में कबाड़ व्यापारी राकेश जायसवाल के यहां बैटरी तोड़फोड़ कर उसके अंदर से कीमती काॅपर वायर निकाल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान से कबाड़ व्यापारी के साथ वहां काम कर रहे अनुराग जायसवाल के साथ शातिर चोर अभिषेक सिंह और जैश शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि वे दोनों संवरा निवासी मनीष सिंह के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। उन्होंने कई टॉवरों से चोरी की। एएसपी ने बताया कि फरार मनीष की तलाश की जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।