जिला समन्वयक बालिका शिक्षा लालजी ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय औराई और सुरियावां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पांच शिक्षक और दो रसोइयां अनुपस्थित मिले। डीसी ने सभी का एक दिन का मानदेय काटने की संस्तुति की।
किन्ही कारणों से मध्य में पढ़ाई छोड़ने वाली गरीब बालिकाओं के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित किया जा रहा है। जिले के सभी ब्लाकों में आवासीय विद्यालय संचालित हैं। आवासीय विद्यालय में बच्चों के अलावा सभी शिक्षकों और कर्मचारी को भी रहना पड़ता है। सोमवार को बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक लालजी ने औराई और सुरियावां के आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया।
सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर औराई आवासीय विद्यालय में अध्यापिका सोनी संत, ऊषा और रसोइयां सीता, फुलकुमारी अनुपस्थित रहीं। सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर आवासीय विद्यालय सुरियावां में उर्दू शिक्षक माशूक अहमद, राजू सरोज, प्रवीण कुमार दूबे अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद डीसी ने एक दिन का मानदेय काटने की संस्तुति करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी को आख्या भेजी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर से बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। रिपोर्ट आने पर सभी का वेतन काटा जाएगा। कहा कि लापरवाही पर कार्रवाई होगी। सभी अपना कार्य ठीक से करें। जिससे पात्रों को उनका लाभ मिल सके आैर शासन की मंशा के अनुसार कार्य हो सके। ऐसा न होन पर कार्रवाई अवश्य होगी।