ज्ञानपुर। पूर्व विधायक विजय मिश्र का बेटा विष्णु मिश्र बृहस्पतिवार को पांच मुकदमों में अलग-अलग कोर्ट में पेश हुआ। दुष्कर्म का मामला सेशन कोर्ट में स्थानांतरित हुई। सभी मुकदमों की अगली सुनवाई सात सितंबर को तय की गई। भदोही कारागार से कड़ी सुरक्षा में पेश हुए विष्णु मिश्र की न्यायिक रिमांड बनाने के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा। विष्णु मिश्र को पिछले दिनों एसटीएफ ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद इस मामले में न्यायिक रिमांड बनाने के लिए कारागार से तलब किया गया था। अधिवक्ता आनंद शुक्ला ने बताया कि रिश्तेदार की जमीन हड़पने सहित चार मुकदमों में एसीजेएम कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उनके न रहने पर जेएम प्रथम तरन्नुम पांडेय ने सुनवाई की जबकि दुष्कर्म के मामले में सीजेएम साबिहा खातून की कोर्ट में पेश किया गया। यहां से मुकदमा सेशन कोर्ट में भेजा गया। उन्होंने बताया कि सभी मुकदमों की अगली सुनवाई सात सितंबर को होगी। बताते चलें कि रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने दो साल पहले पूर्व विधायक विजय मिश्र, बेटे कृष्ण मिश्र सहित छह लोगों पर जमीन हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया था। उसके बाद दर्जन भर से अधिक मुकदमें दर्ज हुए।