गोपीगंज कोतवाली के सारीपुर अमवा गांव निवासी पूर्व ब्लाॅक प्रमुख दिनेश सिंह के भतीजे इंजी. अभिषेक सिंह (34) की शुक्रवार की देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वाराणसी के रिंग रोड मिर्जामुराद वाराणसी के पास उनकी कार की ट्रक की टक्कर में हो गई। जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें वाराणसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रात्रि में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को वाराणसी मणिकर्णिका घाट पर दाह संस्कार किया गया। जिसमें कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अपना दल के राष्ट्रीय महासचिव मनीष सिंह, विभूति नारायण राय, शेर बहादुर सिंह, शेरई, आदि मौजूद रहे। सुभाष सिंह ने बताया कि हरपुर रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार चालक अभिषेक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और अभिषेक फंस गया। पुलिस ने मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी अभिषेक (34) शुक्रवार देर रात कार से रखौना रिंग रोड होते हुए हरहुआ की ओर जा रहा था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही अभिषेक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, वह माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनका विवाह कुछ साल पहले हुआ था और उनकी दो साल की बेटी है। हादसे के बाद पत्नी, मां समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।