काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रनेताओं ने शुक्रवार को प्राचार्य प्रो. पीएन डोंगरे को पत्रक सौंपकर कृषि विज्ञान विषय का संचालन किए जाने की मांग की। कहा कि 2013-14 से ही बनकर तैयार कृषि विज्ञान केंद्र धूल फांक रहा है। यहां शिक्षकों की नियुक्ति न होने से सैकड़ों विद्यार्थी दूसरे जिलों में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। छात्रनेता धीरज कुमार दुबे ने बताया कि जिले में कालीन के साथ ही कृषि व्यवसाय आजीविका का बड़ा साधन है। ऐसे में बड़ी संख्या में युवा कृषि विज्ञान विषय में उच्च शिक्षा ग्रहण करने की इच्छा रखते हैं। केएनपीजी कॉलेज के हॉस्टल जमीन पर 2013-2014 से ही बनकर तैयार कृषि विज्ञान भवन का अब तक संचालन नहीं हो सका है। शिक्षकों की नियुक्ति न होने से लंबे समय से यह मामला अटका हुआ है। वहीं अमन दुबे ने कहा कि आठ सालों से केवल शिक्षक की नियुक्ति न होने से कृषि विज्ञान विषय की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। इससे महाविद्यालय के साथ शासन स्तर से उदासीनता साफ देखी जा रही है। छात्रों ने मांग की है कि जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराई जाए और कृषि विज्ञान विषय की पढ़ाई शुरू कराई जाए। इस दौरान प्रिंस सिंह, अनुज कुमार, शगुन पाठक, विशेष पांडेय, अनुज मिश्रा आदि छात्र मौजूद रहे।