माधोसिंह रेलवे स्टेशन का निर्माणाधीन फूट ओवरब्रिज। संवाद
औराई। पूर्वाेत्तर रेलवे के रामबाग-वाराणसी रेलखंड के माधोसिंह स्टेशन की हालत छोटे स्टेशनों से भी खराब हो गई है। पांच साल से बन रहा फुट ओवरब्रिज अब तक अधूरा है। इससे यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए ट्रैक से होकर जाना पड़ता है। रामबाग-वाराणसी रेलखंड पर स्थित माधोसिंह स्टेशन एक समय जंक्शन था। यहां सभी ट्रेनों का ठहराव होता था और मिर्जापुर के लिए अलग से ट्रेन चलती थी। समय के साथ यहां सुविधाएं कम होती गईं। कुछेक एक्सप्रेस ट्रेनों को छोड़ दिया जाए तो सिर्फ यहां पैसेंजर गाड़ियों का ही ठहराव होता है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए पांच साल पहले फुट ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था रेल विकास निगम की उदासीनता और ठेकेदारों की मनमानी के कारण वह अब तक पूरा नहीं हो सका। महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बाद भी रेलवे के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने में कई बार लोग ट्रैक पर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। यहां से प्रतिदिन 500 से अधिक लोग दूसरे शहर आते-जाते हैं।