ज्ञानपुर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठित उड़नदस्ता टीम ने मात्र 18 दिनों में 22 लाख 10 हजार की बरामदगी कर ली। सही जवाब न देने पर बरामद राशि को जब्त कर दिया। मतदान होने तक यह आंकड़ा बढ़ सकता है। चुनाव को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। अपराधियों संग चुनाव को प्रभावित करने वालों पर लगातार सख्ती की जा रही है। वाहनों से कैश लेकर आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। 22 जनवरी से शुरू हुए अभियान में अब तक 22 लाख 10 हजार रूपये उड़नदस्ता टीम बरामद कर चुकी है। 22 जनवरी केे गोपीगंज नगर में एक कार से तीन लाख 29 हजार बरामद किया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। 25 जनवरी को भदोही के रजपुरा में दो स्थानों से सात लाख 40 हजार, 27 जनवरी को लाला नगर टोल प्लाजा से एक लाख बरामद किया गया। चार फरवरी को रजपुरा चौराहे के पास से ही दो लाख 75 हजार और नौ फरवरी को चेकिंग के दौरान दो लाख 78 हजार बरामद किया गया। इसी तरह 10 फरवरी को रजपुरा चौराहे पर दो वाहनों से चार लाख 88 हजार कैश बरामद किया गया। संतोषजनक जवाब न देने पर टीम ने कैश को सीज कर दिया। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि उड़नदस्ता टीम सक्रिय है।