ज्ञानपुर। महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को पांच परिवारों को टूटने से बचाया गया। महिला थानाध्यक्ष सीमा सिंह और उनकी टीम ने दंपती को जीवन का मर्म समझाते हुए टूटते रिश्तों को बचाया। उनकी पहल पर पांच जोड़े सारी शिकायत भूलकर एक साथ रहने के लिए राजी हो गए।
सीमा सिंह ने बताया कि आज के दौर में लोग छोटी-छोटी बातों पर मनमुटाव कर लेते हैं। थाने में ऐसे मामले आते हैं। जिसमें कोई मोबाइल चलाने को लेकर, कोई घूमने को लेकर तो कोई पति के साथ रहने की जिद में एक-दूसरे से अलग रहने का फैसला कर लेता है। रविवार को पांच मामलों में तीन मामलों में मोबाइल फोन ही विवाद का कारण था। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी को सामने बैठाने के बाद उन्हें जीवन के बारे में बताया जाता है। उन्हें यह समझाने का प्रयास किया जाता है कि आक्रोश में लिया गया फैसला कई बार गलत हो सकता है। उन्होंने बताया कि इन मामलों में पत्नियों ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायतें की थीं। दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल फोन से केंद्र पर बुलाया गया। परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने उनकी समस्याएं सुनीं। काउंसिलिंग और आपसी संवाद के बाद सभी ने आपसी मतभेद दूर कर एक साथ रहने का फैसला किया।