गुलौरी गंगा घाट पर डूबे युवक का शव मिलने के बाद जुटी भीड़। स्रोत जागरूक पाठक
गोपीगंज। गुलौरी घाट पर रविवार को गंगा में डूबे मछुआरे का शव 27 घंटे बाद सोमवार को दोपहर एक बजे मिला। क्षेत्रीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम ने दूसरे दिन सर्च आपरेशन चलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुलौरी गांव निवासी राजेंद्र उर्फ कागा (46) रविवार की सुबह 11 बजे घाट पर मछली पकड़ने गया था। उस दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की खोजबीन शुरू की, लेकिन पता नहीं चल सका। लखनऊ से आई एसडीआरएफ टीम प्रभारी एसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने भी सर्च ऑपरेशन चलाया। राजेंद्र को तीन बेटे और एक बेटी है। उसकी पत्नी अनीता और बच्चे प्रयागराज माघ मेले में दुकान लगाए थे। शव मिलते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।