आईआईसीटी में फ्रेशर पार्टी में मिस्टर फ्रेशर व मिस फ्रेशर के साथ फकल्टी व अन्य प्रतिभागी। स्रोत
भदोही। भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) में सोमवार को बीटेक प्रथम वर्ष के प्रवेशियों के लिए फ्रेशर्स पार्टी नोवात्रा-2025 का आयोजन किया गया। द्वितीय वर्ष के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम के माध्यम से प्रथम वर्ष के छात्रों का भव्य स्वागत किया। इसमें गीत, संगीत, नृत्य का अनोखा संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के चेयरमैन कुलदीप राज वाटल ने कहा कि आईआईसीटी में मौजूदा युग के इंजीनियर और डिजाइन तैयार हो रहे हैं, जो कालीन उद्योग को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से देश तेजी से विकास कर रहा है। इसमें इन विद्यार्थियों का अहम रोल है। यही बच्चे चार वर्ष बाद न केवल स्वावलंबी बनेंगे बल्कि इंडस्ट्री की सेवा भी करेंगे। नगर के प्रमुख चिकित्सक डॉ. एके गुप्ता ने संस्थान के आर्थिक रूप से कमजोर एक छात्र को गोद लेने की घोषणा की। कहा कि आपको आपने माता-पिता ने जिस उद्देश्य के लिए भेजा है, उसे पूरा कर उनके सपने को साकार करें। इसके बाद दो घंटे से भी अधिक समय तक छात्र-छात्राओं ने मंच पर अपनी प्रस्तुति से समा बांध दिया। किसी ने गीत गुनगुनाए तो किसी ने सोलो डांस से दिल जीत लिया। कोरस और सोलाे गीतों ने लोगों को तालियां बजाने को मजबूर कर दिया। फैशन शो, नृत्य, संगीत से वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं ने बारी-बारी से सीनियर्स को अपना परिचय दिया। इसके बाद आयोजक द्वितीय वर्ष के छात्रों की टीम ने विशाल यादव को मिस्टर फ्रेशर, साक्षी विश्वकर्मा को मिस फ्रेशर का खिताब दिया। वहीं कौस्तुभ त्रिपाठी को बेस्ट मेल सिंगर व प्रिया यादव को बेस्ट फीमेल सिंगर का पुरस्कार दिया गया। आईआईसीटी निदेशक प्रो. राजीव कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य रवि पाटोदिया और शाहिद खान ने भी विचार व्यक्त किए।