कस्तूरबा विद्यालय ज्ञानपुर में छात्राओं संग भोजन करते डीएम शैलेष कुमार। स्रोत सूचना विभाग
ज्ञानपुर/गोपीगंज। डीएम शैलेष कुमार ने मंगलवार को ककराहीं स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर शिक्षा पर संवाद किया और उनके साथ भोजन कर गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान वह एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए। जिलाधिकारी ने बच्चों से कई सवाल पूछे। बच्चों ने शालीनता से उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने अध्यापकों को मेहनत से पढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने विद्यालय परिसर में छात्रावास, कक्षाएं, भोजन कक्ष, शौचालय, रसोईघर की बारीकी से जांच की। डीएम की सादगी और संवेदनशीलता से छात्राएं न सिर्फ प्रभावित दिखीं, बल्कि खुलकर अपनी बातें भी रखीं। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा में कोताही न हो। कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर छात्राएं बेहिचक अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचा सकती हैं। इसके बाद डीएम ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय चगगुमानी बीरमपुर का निरीक्षण कर आवासीय सुविधाओं की हकीकत देखी। इसके पूर्व डीएम ने जोगिनका पहुंचकर अन्नपूर्णा पांडेय और राजेंद्र कुमार गुप्ता की रजिस्ट्री की जांच की। जहां सभी व्यवस्थाएं ठीक मिली। इस मौके पर एआईजी स्टांप पंकज सिंह, तहसीलदार अजय सिंह आदि रहे।