कोइरौना थाना क्षेत्र के डीघ तलवा गांव में बुधवार की शाम पांच बजे घरेलू गैस सिलिंडर में लीकेज से लगी आग से गैस सिलिंडर ब्लास्ट हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे 12 लोगों के रिहायशी मड़हे धू-धूकर जल गए। अग्निकांड में सभी पीड़ित परिवारों के घरेलू सामान जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार डीघ के तलवा बस्ती निवासी शिवकुमार सिंह की पत्नी रेखा सिंह शाम लगभग पांच बजे रिहायसी मड़हे में घरेलू गैस सिलिंडर पर दूध गरम करने के लिए गैस चालू कीं। इस दौरान गैस में रिसाव होने लगा और आग पकड़ लिया। आग तेजी से बढ़ती गई। इसके बाद रेखा सिंह जान बचाकर बाहर भाग गईं। थोड़ी ही देर में गैस में ब्लास्ट हो गया और भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि एक के बाद एक लगभग 12 मड़हे और चार घरों को चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि साधू सिंह के घर का छत फट गया। साथ ही चार पेड़ भी जल गए। गांव वाले इकट्ठे होकर किसी तरह आग पर काबू पाए।
फायरब्रिगेड को घटनास्थल पर पहुंचने में देर हो गई। आग से बस्ती निवासी शिवकुमार सिंह, राजकुमार सिंह, अनिल सिंह, बड़े लाल सिंह और साधु सिंह समेत कुल 12 रिहायसी मड़हे धू-धू कर जल गए। इसके बाद आग दो घरों तक पहुंच गई। पीड़ित परिवारों के घर सहित उसमें रखा खाद्यान्न, कपड़े, साइकिल, मोबाइल, चारपाई, नकदी सहित अन्य सभी सामान जल कर राख हो गए। सूचना पर कोइरौना थाना कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार, चौकी इंचार्ज कटरा रामाशीष बिंद, पूर्व प्रधान अजय सिंह चौहान ग्राम प्रधान गंगाधर यादव, अजय चौहान इत्यादि लोग घटनास्थल पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।