घोसिया में रूई के कारखाने में लगी आग के बचा अवशेष। संवाद
घोसिया। वार्ड नंबर 6 में रविवार की रात में पप्पू जायसवाल के रूई बनाने के कारखाने में आग लग गई। आग बुझाने के लिए जैसे ही लोगों ने सबमर्सिबल चालू किया वैसे ही लाइट कट गई। इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने के कुछ देर बाद पहुंची अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित पप्पू जायसवाल का दावा है कि दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। नगर निवासी पप्पू जायसवाल वार्ड नंबर छह ईदगाह क्षेत्र में रूई की फैक्ट्री चलाते हैं। रविवार की शाम को फैक्ट्री में काम चल रहा था। शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से रूई में आग लग गई। विकराल आग को देखते हुए बिजली निगम को सूचना देकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। संवाद