Bhadohi News: भदोही जिले में एक घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसमें लाखों का सामान जल गया। नई दुकान खोलने के तैयारी में घर में इलेक्टॉनिक सामान रखा गया था। आग लगने से सबकुछ जल गया।
भदोही शहर के वार्ड नंबर 13 चमनगंज तकिया निवासी सोवाले अली के घर में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग से इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। घटना के समय केवल एक बच्चा घर में मौजूद था। गनीमत रही कि हादसे में वह बाल-बाल बच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
वार्ड नंबर 13 चमनगंज तकिया निवासी सोवाले अली इलेक्ट्रॉनिक की नई दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे। जिसके लिए वे इलेक्ट्रॉनिक टीबी, कूलर, पंखा समेत अन्य सामान लाकर घर में रखे हुए थे। शनिवार को वे अपनी पत्नी के साथ दवा लेने के लिए औराई सीएचसी गए हुए थे। घर में केवल अकबर अली का पांच वर्षीय पुत्र अख्तर हुसैन मौजूद था। अकबर अली बाहर रहते हैं। वहीं उनकी पत्नी घटना के समय घोसिया में ही स्थित अपने मायके चली गई थी।
पांच वर्षीय अख्तर दूसरे कमरे में सोया हुआ था। दोपहर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घर के हॉल में रखे तीन कूलर, दो इन्वर्टर समेत बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गए। घर के अंदर से धुंआ निकलता देख लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी और तत्काल निजी संसाधनों से आग पर काबू पाने में जुट गए।
विज्ञापन
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर के अंदर हॉल में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया। आग के कारण पूरे हॉल की छत का प्लास्टर उखड़ गया और दीवारें काली पड़ गईं। गनीमत रहा कि अख्तर बाल-बाल बच गया। पीड़ित सोवाले अली के अनुसार आग से करीब 1.5 लाख का नुकसान हो गया।