दुर्गागंज। थानाक्षेत्र के जद्दूपुर गांव में बृहस्पतिवार को मारपीट में घायल वृद्ध शिवपूजन उर्फ लल्लन गौड़ की मौत के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित रखा गया। जद्दूपुर निवासी संजू देवी ने तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पिता शिवपूजन उर्फ लल्लन गौड़ (65) बृहस्पतिवार को खेत में काम कर रहे थे। उसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और मुक्कों से उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको एक निजी अस्पताल लेकर जाया गया। जहां से प्रयागराज रेफर किया गया। प्रयागराज जाते समय उनकी मौत हो गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।