चौरी। भदोही ब्लॉक के दरूनहां गांव में 35 लाख रुपये के घपले के मामले में पूर्व प्रधान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डीएम के निर्देश पर बुधवार को एडीओ पंचायत ने पूर्व प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, वर्तमान ग्राम प्रधान के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। दरूनहां गांव निवासी उपेंद्र सिंह और अन्य ग्रामीणों ने तीन मार्च 2023 को जिलाधिकारी को हलफनामा देकर गांव में बनाए गए इंटरलॉकिंग, पंचायत भवन निर्माण, सामुदायिक शौचालय और मनरेगा से कराए गए कार्यों में धांधली और गबन का आरोप लगाया था। उपायुक्त स्वरोजगार, सहायक अभियंता लोक निर्माण एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी की टीम ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि स्कूल की बाउंड्री निर्माण में अपनी भाभी के फर्म से ग्राम प्रधान अखिलेश प्रकाश सिंह ने ईंट की खरीदारी की। चौरी दरूनहा मार्ग पर जूनियर हाईस्कूल तक चकरोड निर्माण में घटिया ईंटों का इस्तेमाल किया गया था। जांच आख्या के आधार पर तत्कालीन डीएम गौरांग राठी ने प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार को सीज कर दिया था। प्रधान ने मामले में उच्च न्यायालय में अपील की। इसमें जिलास्तरीय अधिकारियों से जांच न कराने के आधार पर कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी। अब उस मामले में प्रशासन की ओर से अंतिम जांच के लिए टीम गठित की गई है। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी और सहायक अभियंता लोक निर्माण को नामित किया गया है। वहीं, पूर्व प्रधान जयदेवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए एडीओ पंचायत को पत्र लिखा। जिस पर बुधवार को एडीओ पंचायत की तहरीर पर चौरी थाने में पूर्व प्रधान के खिलाफ कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने कहा कि पूर्व प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।