गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के कौलापुर गांव मे कूटरचित दस्तावेज से फर्जी वसीयतनामा कराने के मामले में पुलिस ने दस्तावेज लेखक समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बघेलीपुर गांव निवासी अशोक कुमार शुक्ला की पत्नी उषा देवी ने प्रार्थना पत्र देकर अपने बड़े पिता के बेटे पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर फर्जी वसीयतनामा कराने का आरोप लगाया। कहा कि कौलापुर निवासी माता प्रसाद की वह इकलौती बेटी हैं। अपने पति के साथ वह पिता की सेवा करती थीं। पिता के निधन के बाद उनके बड़े पिता के बेटे ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर जमीन का फर्जी वसीयतनामा करा लिया। कहा कि उन्होंने जब कुटुंब रजिस्टर आदि की नकल लेकर तहसीलदार कार्यालय में वसीयत दर्ज कराने के लिए आवेदन किया तो इसकी जानकारी हुई। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि मामले में कौलापुर निवासी गुलाबधर मिश्र, विजय कुमार दूबे, दस्तावेज लेखक कपसेठी वाराणसी निवासी ज्वाला प्रसाद शुक्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।