पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत न्यूमहाल स्थित एक मकान में 22 माह पूर्व सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुई चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने भवन स्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई नगर पालिका के सफाई लिपिक की तहरीर पर की गई है। हादसे में भवन स्वामी के पुत्र की भी जान गई थी।
नगर क्षेत्र के न्यूमहाल निवासी भरत जायसवाल ने 8 मई 2024 की रात करीब 12 बजे अपने घर में बने लगभग आठ फीट गहरे सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए मजदूरों को लगाया था। कालीमहल निवासी विनोद रावत (35), कुंदन (42) और सुमित (23) टैंक की सफाई कर रहे थे। आधा टैंक साफ करने के बाद सिल्ट निकालने के लिए एक सफाईकर्मी टैंक में उतरा, लेकिन वह बाहर नहीं आया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दो सफाईकर्मी भी टैंक में उतर गए और दम घुटने से बेहोश हो गए।
तीनों को बचाने के प्रयास में भरत जायसवाल का इकलौता पुत्र अंकुर जायसवाल (35) रस्सी के सहारे टैंक में उतरा, लेकिन रस्सी खुल जाने से वह भी अंदर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर जुटे लोगों ने चारों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
घटना के 22 माह बाद नगर पालिका के सफाई लिपिक निलेश कुमार सिंह ने भवन स्वामी के खिलाफ नियम विरुद्ध तरीके से सेप्टिक टैंक की सफाई कराने के संबंध में तहरीर दी। तहरीर में कहा गया है कि सफाई के लिए नगर पालिका को कोई सूचना नहीं दी गई थी। नगर पालिका के प्रभारी ईओ राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में दुर्घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।