ज्ञानपुर। मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी. औराई तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों के रवैये से नाराज दिखे। फरियाद लगाने पहुंची 90 वर्षीय अंध महिला को कागज में मृत घोषित कर दिए जाने पर उन्होंने लेखपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं अनुपस्थित चार अधिकारियों के एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने इस दौरान 10 सबसे पुरानी फाइलें देखीं और मामले को लेकर अधिकारियों से सख्ती दिखाई।
जिले में तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें कुल 131 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से कुल 20 शिकायतों का निस्तारण हुआ। औराई तहसील में 68 में नौ, भदोही में 35 में पांच और ज्ञानपुर तहसील में 28 शिकायतों में छह का ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए गए।
औराई तहसील में सुनवाई के दौरान मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी के पास एक 90 वर्षीय महिला अपने परिजनों के साथ पहुंची। उसने बताया कि अभिलेखों में उसे मृत घोषित कर दिया गया है। जिससे उसे पेंशन नहीं मिलता। इस पर नाराज मंडलायुक्त ने मृतक प्रमाणपत्र बनाने वाले कार्मिक पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त और अपर आयुक्त प्रशासन ने औराई उप जिलाधिकारी और तहसीलदार न्यायालय के 10 सबसे पुरानी फाइलों को निकलवाया।
उप जिलाधिकारी कोर्ट की कुछ फाइलों में विसंगति पाए जाने पर पूर्व में रिटायर्ड एक उप जिलाधिकारी और एक लेखपाल पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा तहसीलदार न्यायालय में फाइलों के डिसीजन के बावजूद भी फाइनल निर्णय ऑनलाइन अपलोड न करने पर मंडलायुक्त ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी न्यायालय मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि पुराने और लंबित वादों का अवलोकन कर गंभीरता से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
-
अनुपस्थित अधिकारियों का रोका वेतन
मंडलायुक्त ने समाधान दिवस से अनुपस्थित रहने वाले मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, प्रभागीय वनाधिकारी सहित बिना बताए अनुपस्थित अधिकारियों के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी विशाल सिंह ने शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की बात कही। समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, अपर आयुक्त प्रशासन डॉ. विश्राम, एसडीएम औराई बरखा सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह, एडीएम अरूण गिरि आदि रहे।