भदोही। शुक्रवार को बैंकों में कामकाज के बाद लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे। इसलिए यदि बैंक का जरूरी काम हो तो उसे शुक्रवार को ही निपटा लें। नहीं तो अब बुधवार को ही बैंकिंग हो सकेगी। 13 मार्च को माह का दूसरा शनिवार है। अगले दिन रविवार की बंदी होगी जबकि 15 और 16 मार्च को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। लगातार चार दिन बैंकों के बंद रहने से नगदी की किल्लत होना तय है। शादी विवाह का माहौल देखते हुए नगदी आदि की व्यवस्था शुक्रवार को ही करा लें।
कहा जा रहा है कि हड़ताल केवल सरकारी बैंकों का है लेकिन जब जब इस तरह हड़ताल होती है तो निजी बैंकों का कामकाज भी प्रभावित होता है। 15 व 16 की हड़ताल युनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस द्वारा बुलाई गई है, जिसमें देश के नौ बड़े यूनियन शामिल हैं। इसलिए शहर की वित्तीय व्यवस्था प्रभावित होगी। जानकारी हो कि बैंकों के खुले होने के बाद भी शहर के अधिकांश एटीएम बंद रहते हैं या तो उनमें कैश नहीं होता। ऐसे में लोगों को एक एटीएम से दूसरे एटीएम के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कहा जा रहा है कि जब चार दिन तक लगातार बैंक बंद रहेंगे तो नगदी की दिक्कत तो होगी ही। उधर यूपी बैंक इंप्लाईज यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल मिश्रा ने बताया कि सरकार बैंकों के निजीकरण पर अड़ी है। जबकि समस्या का हल ऐसे नहीं होगा। सरकार के इस निर्णय के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया गया है।