ज्ञानपुर। अभोली विकास खंड के कुढ़वा गांव के ग्रामप्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज हो गए। दो लाख 91 हजार के वित्तीय अनियमितता में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कार्रवाई की। गांव में तैनात दो सचिवों के खिलाफ आरोपपत्र जारी कर निलंबन का निर्देश दिया है। विकास कार्य कराने के लिए समिति गठित करने का निर्देश दिया।
कुढ़वा गांव निवासी शिव प्रसाद पांडेय ने डेढ़ साल पूर्व जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर गांव के विकास कार्यो में धांधली का आरोप लगाया था। प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने हाईकार्ट में रिट दाखिल कर मंडलायुक्त को पार्टी बनाया। कोर्ट के हस्तक्षेप से विकास कार्यों की जांच कराई गई। ग्राम पंचायत में नाली, खड़ंजा, आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण में करीब दो लाख 91 हजार की धांधली मिली। जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से ग्राम प्रधान और सचिव को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया। प्रधान की ओर से भेजे गए जवाब तथ्यपरक न होने पर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने ग्राम प्रधान संगम देवी का वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया जबकि ग्राम विकास अधिकारी संजय कुमार दूबे और संजय सरोज के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई का निर्देश डीडीओ को दिया। अंतिम जांच के लिए उप निदेशक कृषि, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी और सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग को नामित किया। डीएम ने पंचायत के कार्यों का संचा
लन करने के लिए एक सप्ताह के अंदर तीन सदस्यीय समिति गठित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि अंतिम जांच आख्या आने पर प्रधान और सचिव पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।