जिले में 10 फरवरी को राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन और राष्ट्रीय कृमि दिवस अभियान की एक साथ शुरुआत होगी। इसको सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है। अभियान को सफल बनाने के लिए 316 टीम गठित कर 63 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। स्वास्थ्य टीमें घर- घर जाकर फाइलेरिया और एल्बेंडाजोल की दवा खिलाएंगी।
सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। फाइलेरिया अभियान की शुरूआत जिलाधिकारी शैलेष कुमार सुरियावां, आभोली ब्लाॅक से करेंगे। एक साल से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को फाइलेरिया से बचाव के लिए तीन दवाएं आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने सामने खिलाइएंगी। जिले में 3,37,958 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है। वहीं 2743 प्राथमिक विद्यालयों, कॉलेजों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक से 19 साल तक के सभी वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। डीएम ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। अभियान की मॉनिटरिंग नियमित की जाएगी।