ज्ञानपुर। कोइरौना थानाक्षेत्र के सूफीनगर-दरवांसी गांव में किराए के मकान में रह रहे 24 परिवार सोमवार की सुबह पुलिस कार्रवाई से डर कर अपने मूल स्थान उन्नाव रवाना हो गए। बता दें कि रविवार की रात थानाध्यक्ष संजय कुमार राय और चौकी प्रभारी सुशील कुमार त्रिपाठी ने दलबल के साथ स्थलीय निरीक्षण कर उन्हें लौटने की हिदायत दी थी।
उन्नाव जनपद से करीब 24 परिवार कई दिनों से रेलवे स्टेशन जंगीगंज के दक्षिणी ओर टेंट आदि लगाकर रहता था। पैंट, बैग में चेन लगाने, कूकर, गैस चूल्हा आदि उपकरणों की मरम्मत कर जीविकोपार्जन उनका मुख्य पेशा था। इधर बीच कुछ दिनों से परिवार किराए का मकान लेकर रहने लगा। ठंड के मौसम में चारी आदि की घटनाओं में इजाफा देख पुलिस प्रशासन ऐसे परिवारों पर नजर रखने लगी। पुलिस के खुफिया तंत्र की सूचना पर थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी ने रात लगभग 10 बजे से गांव पहुंच कर परिवारों से कड़ी पूछताछ करते हुए सुबह गांव छोड़ने की बात कही थी। पुलिस ने मकान स्वामियों को भी बिना तस्दीक किए किसी को मकान किराए पर न देने की हिदायत दी। कार्रवाई के भय से परिवार सुबह होते ही रवाना हो गए।