गोपीगंज। बेटे के अंतिम संस्कार में गए पूरेरजई निवासी व्यक्ति की गंगा में डूबने से मौत हो गई। रविवार को 24 घंटे बाद शव अवगढ़नाथ घाट पर उतराया मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो दिनों में परिवार के दो लोगों की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए हैं।
गोपीगंज नगर के पूरे रजई निवासी अमरजीत बिंद (40) मड़ुआडीह अपने ससुराल में रहते थे। शनिवार को तबियत खराब होने से मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार के सदस्य रामपुर गंगा घाट लेकर गए। दाह संस्कार हो रहा था उसी समय अमरजीत के पिता कृष्णा बिंद (70) रामपुर के पीपा पुल पर टहलते समय गंगा में गिर गए। उस दौरान किसी को पता नहीं चला, लेकिन जब लोग घर लौटकर आए तो खोजबीन करने लगे। कुछ लोगों ने गंगा में डूबने की आशंका भी जताई, लेकिन स्पष्ट नहीं हो सका। देर रात तक पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी। रविवार की सुबह अवघड़नाथ घाट पर कृष्णा बिंद का शव उतराया मिला।