भदोही। कोतवाली क्षेत्र के सालिमपुर गांव में बुधवार को दोपहर खेत जुताई करते समय ट्रैक्टर के नीचे आ जाने से 41 वर्षीय किसान की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सालिमपुर में राधेश्याम यादव (41) पुत्र नंदलाल खेत में जुताई करवा रहे थे। ट्रैक्टर श्यामजीत सरोज चला रहा था। बताते हैं कि कमजोर मिट्टी और दलदल में पहिया पड़ने के कारण देखते देखते ट्रैक्टर का आधा हिस्सा जमीन में धंस गया। यह देख कर परिजन और घर के लोग भी मौके पर आ गए और ट्रैक्टर को दलदल से निकालने का प्रयास करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस तरफ ट्रैक्टर धंसा था, राधेश्याम उसी ओर खड़े होकर ट्रैक्टर निकालने का प्रयास कर रहा था। बाकी लोग भी प्रयास में लगे थे। अचानक ट्रैक्टर राधेश्याम के ऊपर पूरी तरह से पलट गया, जिसके नीचे वह काफी देर तक दबा रह गया।
काफी शोरगुल और अफरातफरी के बीच किसी तरह ट्रैक्टर को हटाकर राधेश्याम को राजकीय महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। लेकिन, एक निजी अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक श्यामजीत सरोज भी घायल हो गया। मौत के बाद गांव और परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।