लालानगर। गोपीगंज नगर के अंजही मोहाल में फुटकर किराना दुकानदार के यहां जांच कर सेल्स मैनेजर देवेंद्र प्रताप सिंह ने दो बोरियों में भरे लगभग एक क्विंटल नकली टाटा नमक से भरी बोरियों को सील करा दी। दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर कोतवाली में देने पर पुलिस टीम सक्रिय रही।
इस संबंध में सेल्स मैनेजर ने बताया कि बाजारों में इन दिनों नकली नमक की भारी खेप बाजारों में उतार कर बिचौलिए महंगे दर पर दुकानदारों से बेचने के लिए विवश कर रहे हैं। एक सप्ताह से प्रदेश के हर जिलों में असली और नकली की हकीकत परखने के लिए कंपनी की टीम दौरे पर है। बृहस्पतिवार को औराई बाजार में एक क्विंटल नकली नमक के साथ पकड़ कर दो दुकानदारों पर मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है। बावजूद इसके दुकानदारों में नकली नमक बेचने की आदत नहीं छूट रही है। अब दुकानदारों के बफर गोदाम और नकली नमक की आपूर्ति करने वालों को चिह्नित किया जाएगा। अंजही मोहाल के दुकानदार संजय कुमार के यहां बरामद नमक को सील कराकर पुलिस को सौंप दिया। खड़हट्टी मोहल्ला के थोक दुकानदार गोपालदास के यहां जांच करने पहुंचने पर वह दुकान को बंद कर भागने में सफल रहा। प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने कहा कि सेल्स मैनेजर की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।