ज्ञानपुर। औराई विकास खंड के राजापुर नरथुआं के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर गांव की मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की मांग की। जिलाधिकारी को दिए पत्रक में आरोप लगाया कि घोसिया के एक पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष की लापरवाही से नरथुआं राजापुर गांव के दर्जनों लोगों का नाम कटकर नगर में जुड़ गया है। इससे कई योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पाता। जिलाधिकारी को पत्र देकर गांव में नाम दर्ज कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में प्रमोद, अशोक, छोटेलाल, राजेंद्र, कैलाश, चंपा, मंजू सहित कई लोग शामिल रहे।