त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को गोपीगंज, जंगीगंज, औराई, सुभाषनगर, चौरी, भदोही नगर में 36 प्रतिष्ठानों में छापा मारकर लगभग दो लाख की एक्सपायरी खाद्य सामाग्री को बरामद किया। अधिकारियों ने दुकादारों को हिदायत दी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ को नष्ट कराया।
आगामी दिनों में नवरात्र, दीवाली और दशहरा आदि त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में नकली व मिलावटी खाद्य सामाग्री की बिक्री शुरू हो गई है। सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने गोपीगंज, जंगीगंज, औराई, सुभाषनगर, चौरी, भदोही की लगभग ती दर्जन दुकानों में दबिश दी। यहां हाजमोला, रेडीमेड बर्फी, पैकेट बंद नमकीन, चिप्स, फ्रूटी आदि खाद्य सामग्री एक्सपायरी पाई गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नष्ट करा दिया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंदन पांडेय ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सचल टीमें गठित की गई हैं। अभियान चलाकर मिलावट खोरी करने, नकली एक्पायरी सामान बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएन त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र चंदेल, ताबिंदा मलिक उपस्थित रहे।