अधिकारियों के साथ बैठक करते कमिश्नर रंजन कुमार।
विंध्याचल मंडल के कमिश्नर रंजन कुमार ने शनिवार को जिले के अधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ ही ज्ञानपुर ब्लॉक के नथईपुर गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना का कार्य संतोषजनक न होने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को कड़ी फटकार लगाई। अफसरों को हिदायत दी कि जनता दर्शन, तहसील दिवस के शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
ज्ञानपुर विकास खंड के नथईपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में सुबह आठ बजे आयोजित जनचौपाल में मंडलायुक्त रंजन कुमार ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनी। सरकार के कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से रूबरू होकर मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने हैंडपंप खराबी, अनाज वितरण में गड़बड़ी, शौचालय निर्माण पूर्ण न होने की शिकायत की। कमिशभनर ने अधिकारियों को कार्य अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसके बाद मंडलायुक्त रंजन कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने अफसरों से कहा कि सरकार की चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचे। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत मौत होने पर लाभार्थी को 48 घंटे में आर्थिक सहायता दिलाएं। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कामधेनु, मिनी कामधेनु से अधिक किसानों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। सभी विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह अपने-अपने कार्यों का खुद निरीक्षण करें, अधीनस्थों के सहारे कोई भी काम न करें। इस मौके पर जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु, एसपी अरविंद भूषण पांडेय, सीडीओ आरपी मिश्र सहित कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।