माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 18 सितंबर से होने वाली अंक सुधार परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में आवेदन करने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 231 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार बोर्ड की परीक्षा नहीं हुई। सरकार ने बिना परीक्षा कराए पिछले कक्षा के अंकों के आधार पर परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी परीक्षार्थी पास हो गए। लेकिन कुछ मेधावी परीक्षार्थी परीक्षा न होने से मायूस थे। अच्छी पढ़ाई के बाद भी उन्हें कम अंक मिले। ऐसे होनहारों के लिए सरकार ने अंक सुधार का मौका दिया है। इसको लेकर 18 सितंबर से छह अक्तूबर तक परीक्षा होगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में अंक सुधार के लिए 231 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। परीक्षा केंद्र की दूरी अधिक न हो इसको लेकर ज्ञानपुर में विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, गोपीगंज में गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, भदोही में ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज और औराई में काशीराज महाविद्यालय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस एनएल गुप्त ने बताया कि अंक सुधार को लेकर बोर्ड की परीक्षा के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कक्ष निरीक्षकों, केंद्र व्यवस्थापक भी नामित हो चुके हैं। पहली पाली में सुबह आठ से सवा दस और दूसरी पाली में दोपहर दो से सवा चार बजे तक परीक्षा होगी।