ज्ञानपुर कोतवाली के पास गैस सिलेंडर के लिए लगी कतार। संवाद
ज्ञानपुर। जंगीगंज के मिठाई दुकानदार संदीप पहले गैस सिलिंडर से मिठाईयां और समोसे बनाते थे। बीते तीन दिन से सिलिंडर नहीं मिलने के कारण कोयले की भट्ठी पर मिठाई और समोसे बनाकर बेच रहे हैं। मैलोना के दुकानदार रंगलाल बिंद का कहना है कि सिलिंडर के लिए दो दिन से भाग दौड़ कर रहा हूं। सिलिंडर नहीं मिला। अब दुकान बंद कर दी हूं। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच उपजे ईंधन संकट के बीच शुक्रवार को एजेंसियों और गोदामों पर भोर से ही भीड़ लगी रही।
एजेंसी संचालकों का मोबाइल स्विच्ड ऑफ बता रहा है। वहीं, गैस सिलिंडर रिफिल बुकिंग नंबर पर 40 बार डायल करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो रही है। पूर्ति विभाग पर्याप्त स्टॉक होने का दावा तो कर रहा है, लेकिन एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़ बता रही है कि स्टॉक खत्म हो चुका है।
एक रिंग जाकर कट जा रही कॉल : सबसे बड़ी समस्या गैस रिफिल बुकिंग करने में हो रही है। पिपरी निवासी प्रेम बहादुर सिंह का कहना है कि उन्होंने गैस रिफिल बुकिंग करने के लिए जब भी फोन करते हैं तो कॉल नहीं लगती या एक रिंग जाकर तुरंत कॉल कट जाती है। समझ नहीं आ रहा है कि बुकिंग कैसे कराएं।
गजराज सिंह ने बताया कि बुकिंग करने वाले नंबर पर फोन करने पर कॉल कट जा रही है। पिपरी की सुदामा देवी ने कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी चूल्हे पर खाना बनाया। जब सरकार की योजना से गैस चूल्हा और सिलिंडर मिला तो लगा कि अब धुएं से राहत मिल जाएगी, लेकिन अब फिर से वही हालात बनते दिख रहे हैं।