भदोही। कोतवाली क्षेत्र के उमरी तुलसीचक में रविवार को सुबह वरुणा नदी में मिले पंचायत सहायक शशिकांत भारती की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझ कर रह गई है। पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तहकीकात तो शुरू कर दी है लेकिन अब तक उसे कोई खास सफलता नहीं मिल सकी है। एसपी के निर्देश पर अब क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम भी कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को सुबह पंचायत सहायक का शव नदी में मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौहान और मातहतों संग घटना स्थल का मुआयना किया था। शव के हाथ पैर बंधे होने तथा शरीर पर चोट के निशान को देखते हुए मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने गांव के प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज किया था। इसमें सभी को पुलिस उठाकर पूछताछ कर रही है। इस बीच 24 घंटे के बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने से मामला फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच पर आकर टिक गई है। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि अभी तक मामला पूछताछ तक ही सीमित है। केवल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कड़ी से कड़ी जोड़ने का क्रम जारी है। कहा कि मेरे अलावा मामले में फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच अलग अलग छानबीन कर रहे हैं। जिससे आशा है की शीघ्र ही हम हत्या की गुत्थी को सुलझा लेंगे।