यूपी बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन शनिवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और नेशनल इंटर कॉलेज भदोही में शुरू हो जाएगा। शुक्रवार की शाम तक केंद्र की ओर से तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। 80 टेबलों पर हाईस्कूल और इंटर की एक लाख 51 हजार कापियां जांची जाएंगी। इसके लिए उप प्रधान परीक्षक सहित कुल 751 परीक्षक लगे हैं। जिले में विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर और श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। नेशनल में हाईस्कूल और जीआईसी में इंटर की कापियां जांची जाएंगी। शुक्रवार शाम तक दोनों मूल्यांकन केंद्र पर तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। जीआईसी के उप नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि इंटरमीडिएट की कापियां 35 टेबलों पर जांची जाएगी। इसके लिए 31 उप प्रधान परीक्षक और 238 परीक्षक लगे हैं। हर टेबल पर निगरानी के लिए एक-एक डीएचई लगे हैं। इंटर की कुल 56 हजार कापियों का मूल्यांकन होना है। हाईस्कूल के मूल्यांकन केंद्र नेशनल इंटर कॉलेज के उप नियंत्रक डॉ. अनुराग मिश्र ने बताया कि यहां पर 45 टेबलों पर मूल्यांकन होगा। जिसमें 45 उप प्रधान निरीक्षक और 437 परीक्षक लगे हैं। 95 हजार 660 कापियों के जांचने का लक्ष्य है, जबकि अभी तक 50 हजार कापियां ही आवंटित हो सकी है। मुख्य नियंत्रक/डीआईओएस विकायल भारतीय ने कहा कि शनिवार को परीक्षकों को मूल्यांकन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुछ कापियां जांचकर इसकी शुरुआत होगी। रविवार से विधिवत ढंग से कापियां जांची जाएंगी। बताते चलें कि पूर्व के वर्षों के मुकाबले कापियों की संख्या काफी घट गई है। पूर्व में ढाई से तीन लाख कापियां जांचने के लिए आती थीं जो अब डेढ़ लाख तक पहुंच गई है।