ज्ञानपुर। एनआईसी सभागार में बुधवार को बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी शैलेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने अधिकारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और मुहर्रम की तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने योग दिवस को भव्य तरीके से मनाने के निर्देश दिए। वहीं, ताजिया जुलूस के मार्गों को दुरुस्त कराने के साथ सड़कों पर लटके बिजली के जर्जर तारों को तत्काल बदलने को कहा।
डीएम ने कहा कि 21 जून को जिले भर में योग दिवस मनाया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों की सहभागिता होगी। उन्होंने सभी स्कूलों में योग के कार्यक्रम कराए जाने का निर्देश दिया। मुहर्रम को लेकर डीएम ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। वहीं 20 जून तक व्यापक स्तर पर साफ-सफाई व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
कहा कि मुहर्रम के दौरान श्रद्धालुओं व आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें व संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखें। अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण तथा सोशल मीडिया की निगरानी सुनिश्चित की जाए। मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, डीआईओएस अंशुमान, बीएसए शिवम पांडेय, एक्सईएन बिजली राजेश मौर्य आदि रहे।