ज्ञानपुर। पुलिस, प्रशासन और नगर पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को दुर्गागंज तिराहे से अतिक्रमण हटाया गया। सड़क के दोनों तरफ यानी फुटपाथ पर 50 से अधिक दुकानदारों ने कब्जा कर लिया था। पुलिस प्रशासन और पंचायत के 12 कर्मचारियों ने दोपहर एक बजे से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। आधे घंटे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 3200 रुपये जुर्माना दुकानदारों से वसूले गए। कुछ दुकानदारों ने दुकान के सामाने सामान रखने के लिए पक्का चबूतरे का निर्माण करवा लिया था, जिसे हटाया गया। सूचना मिलने के बाद ही कुछ दुकानदार पहले ही दुकान बंद कर के फरार हो गए थे। दो दिन से लगातार कहा जा रहा था कि जो लोग भी अतिक्रमण किए हैं वे हटा लें। अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि फुटपाथ पर दुकानदार ने कब्जा कर रखा था, जिसे खाली कराया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश के बाद तिराहे से अतिक्रमण हटाया गया।