क्रय केंद्र जंगीगंज पर उपज के साथ किसान। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। खरीद सत्र 2022-23 में विपणन विभाग 37 हजार एमटी का लक्ष्य पूरा करने के लिए गति बढ़ा दिया है। एक अप्रैल से 15 जून तक होने वाली खरीद के क्रम में लक्ष्य तक पहुंचने में निजी क्षेत्र की संस्थाएं विभागीय गति में व्यवधान भी डाल रही हैं। वहीं विभिन्न कारणों से करीब सौ किसानों का भुगतान भी अभी लंबित है। डिप्टी आरएमओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि विपणन, पीसीएफ, सहकारिता, एफपीओ, एफपीसी के कुल 36 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। डबल कांटा वाले केंद्र जंगीगंज, मंडी परिषद ककराही, रमईपुर में खरीदारी की स्थिति काफी अच्छी है। अभी तक 12 सौ किसानों से पांच हजार टन की खरीद कराई जा चुकी है। उपज के साथ केंद्रों पर आने वाले किसानों को पेयजल, छांव, वाहन खड़ा करने का स्थान, सत्यापन रिपोर्ट पर खरीदारी की सुविधाएं दी जा रही हैं। खरीदारी के बाद मुहर लगी जूट और प्लास्टिक की बोरियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराकर भंडारण भी बफर गोदामों में कराया जा रहा है। अन्य केंद्रों पर खरीदारी की गति बढ़ाने के लिए निगरानी की जा रही है। ऑनलाइन भुगतान के मामले में उन्होंने बताया कि अधिकतर किसानों का आधार नंबर पोर्टल पर सीडिंग न होने से परेशानी हो रही है। खरीदारी कराकर किसानों का आधार सीडिंग भी करवाया जा रहा है। दोपहर के समय गर्मी का असर तेज होने से किसान तभी केंद्रों पर पहुंचते हैैं जब मौसम थोड़ा ठंडा रहता है। बृहस्पतिवार को मंडी परिषद ककराही-गोपीगंज में 14 क्विंटल उपज का तौल कराने वाले किसान गौरीशंकर, सुदामा ने कहा कि भीड़ कम होने से नंबर नहीं लगाना पड़ा। ई- पास मशीन पर फ्रिंगर लगने पर रसीद भी प्राप्त हो गई। केंद्र प्रभारी आरती शुक्ला ने कहा कि डीएम के निर्देश पर किसानों की संख्या इस लिए बढ़ रही है कि धान के समय निजी क्षेत्र की संस्थाएं दूर-दूर तक गांवों में नजर नहीं आएंगी।