ज्ञानपुर। नगर की पटरियों पर फलों और सब्जियों के ठेलों के अलावा अन्य रेहड़ी लगाने वालों की वजह से जाम की समस्या हो रही है। लोगों की शिकायत पर प्रशासन ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया लेकिन फिर से सड़क पर हालात पहले जैसे नजर आने लगे हैं। प्रशासन है कि एक बार अभियान चलाने के बाद फिर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे आए दिन सड़क पर हालात तनावपूर्ण हो जाते हैं। लोगों की मांग है कि सख्ती से अतिक्रमण को हटवाया जाए।
कुछ दिन पहले ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। नतीजा यह रहा कि फिर से पटरियों पर दिन-प्रतिदिन अतिक्रमण करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। गोपीगंज नगर पालिका और ज्ञानपुर नगर पंचायत में वेंडिंग जोन बन कर तैयार है। लेकिन यहां दुकानदार जाने से कतराते हैं। उनका मानना है कि यहां पर धंधा नहीं है, जाने से क्या लाभ होगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत प्रशासन ने तेजी के साथ सड़क के किनारे अवैध कब्जा जमाए दुकानदारों को हटाया था लेकिन एक महीने बाद फिर से दुकानदार फिर से बाजार में कब्जा करना शुरू कर दिए हैं। भदोही, गोपीगंज, ज्ञानपुर, सुरियावां, नई बाजार, घोसिया, खमरिया नगर निकाय अंतर्गत सड़क के किनारे धल्लड़े से दुकानें सज रही हैं। पटरियों पर दोनों ओर लगने वाली इन अस्थायी दुकानों से स्थायी दुकानदारों को भी दिक्कतें हो रही हैं। पैदल चलने वाले राहगीरों को भी परेशानियां उठानी पड़ती है। फल की दुकानें, सब्जी की दुकानें, खिलौने, बर्तन आदि सहित कई अन्य दुकानें पटरियों पर लगाई जा रही हैं। ज्ञानपुर में दुर्गागंज तिराहा, जिला चिकित्सालय, हरिहरनाथ मंदिर, शीतल पाल तिराहा, पोस्ट ऑफिस के पास पटरियों पर दुकानदारों का अतिक्रमण है। इससे प्रशासन अंजान बना हुआ है। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि त्योहारों का सीजन बीत गया है, पटरियों पर जो अवैध कब्जा कर के बैठे हैं। ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।