नईबाजार। मथुरापुर हाइवे के पटरी पर कबाड़ रखकर अतिक्रमण किया गया है। इससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी अनभिज्ञ बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कबाड़ी दुकानदार सड़क की पटरियों पर लोहे का सामान, पुराने वाहन के पुर्जे, प्लास्टिक सहित अन्य कबाड़ जमा किए है। सड़क किनारे फैले कबाड़ के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे दुर्घटना होने की आशंका भी रहती है। इसी मार्ग पर स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतें होती हैं। स्थानीय श्याम लाल पाल, दशरथ बिंद, दीपू, जितेंद्र, रजत आदि ने बताया कि कई बार शिकायत की गई। समस्या जस की तस बनी है। इन्होंने सड़क की पटरी से अतिक्रमण हटवाने की मांग जिलाधिकारी से की।