ज्ञानपुर। ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में ग्रामीण युवाओं और कारीगरों को स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। 10 लाख तक युवाओं को बैंक से ऋण मिलेगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि योजना के तहत सेवा एवं उत्पादन सेक्टर में उद्यम स्थापित करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण बैंक से उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना में परंपरागत और तकनीकी रूप से दक्ष कारीगरों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें बैंकों से प्राप्त ऋण पर एवं उद्योग स्थापित करने पर सामान्य जाति के पुरुष वर्ग को बैंक से मिलने वाले ऋण पर पूंजीगत मद में चार प्रतिशत ब्याज देना होगा। योजना में सामान्य वर्ग के पुरुष को कुल परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान लगाना होगा और समस्त आरक्षित वर्ग को कुल परियोजना लागत का पांच प्रतिशत अंशदान लगाना होगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए 30 नवंबर तक आनलाइन आवेदन विभाग की बेवसाइट upkvib.gov.in पर किया जाएगा।