इस दौरान कई विभागों के कर्मचारियों ने लामबंद होकर मुंह पर पट्टी बांधी और धरने पर बैठ गए। इस दौरान मौन व्रत किया। दस से बारह बजे तक चले मौन व्रत के बाद कहा कि उनकी मांगों को लेकर कोई संजीदा नहीं है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले दस सूत्री मांगों के समर्थन में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी पीडब्ल्यूडी कार्यालय के परिसर पहुंचे। संगठन के जिलाध्यक्ष धर्मराज यादव की अगुवाई में जुटे कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को भेजे मांग पत्र में कहा है कि राज्य कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों की भांति सभी भत्ते दिए जाने चाहिए। इसके अलावा नई पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग भी की है। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर विचार नहीं किया तो आंदोलन तेज होगा। इस मौके पर मुख्य रूप से संगठन के जिलामंत्री रूपेश श्रीवास्तव, रमेश रावत, राजकुमार, रमेश यादव, दीपेश सिंह, मुकर्रम अंसारी, हरिश्चंद्र यादव, चिंतामणि दुबे, डा. बृजेश शर्मा, शिवसागर पांडेय, वीरेंद्र सिंह, श्यामधर मिश्र, राजनाथ आदि मौजूद रहे।